सक्ती

रायगढ़ के श्री अग्रोहा धाम में 20 जनवरी को होगा ‘अग्र महाकुंभ’ एवं परिचय सम्मेलन

संभागीय अग्रवाल महासभा बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित होगा संभागीय अधिवेशन और साधारण सभा की बैठक, समाज के सभी बंधुओं से शामिल होने की अपील

सक्ती –  संभागीय अग्रवाल महासभा बिलासपुर द्वारा आगामी 20 जनवरी 2027 (दिन- बुधवार) को रायगढ़ स्थित श्री अग्रोहा धाम में भव्य ‘अग्र महाकुंभ’ का आयोजन किया जा रहा है। इस एक दिवसीय आयोजन के अंतर्गत महासभा की साधारण सभा की बैठक, संभागीय अधिवेशन तथा अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय सम्मेलन संपन्न होगा।
उक्त जानकारी संभागीय अग्रवाल महासभा बिलासपुर के अध्यक्ष अधिवक्ता बाबूलाल अग्रवाल (रायगढ़) एवं महामंत्री राजेंद्र अग्रवाल ‘राजू’ (बिलासपुर) ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि इस वृहद आयोजन की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। महासभा के पदाधिकारियों ने संभाग की सभी संबद्ध सभाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समस्त अग्रवाल समाज बंधुओं से इस ऐतिहासिक महाकुंभ में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया है।
संबद्ध सभाओं का दौरा करेगी महासभा की टीम
आयोजन की रूपरेखा तय करने और समाज बंधुओं को आमंत्रित करने के उद्देश्य से संभागीय अग्रवाल महासभा के पदाधिकारी शीघ्र ही संभाग की सभी संबद्ध शाखाओं का दौरा करेंगे। इस जनसंपर्क दौरे के दौरान परिचय सम्मेलन में भाग लेने के इच्छुक विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा भी एकत्रित किए जाएंगे। महासभा ने सभी समाज बंधुओं से विशेष निवेदन किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा फॉर्म समय से पूर्व महासभा कार्यालय या संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित कर दें, ताकि परिचय पुस्तिका एवं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जा सके।