सक्ती

पुलिस दबिश के खौफ से तालाब में कूदे युवक का तीन दिन बाद मिला शव; बवाल के बाद ट्रेनी टीआई निलंबित

हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव की घटना, शव बरामद होते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मार्ग पर किया चक्काजाम

परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने की हत्या का मामला दर्ज करने और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग

सक्ती –  जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोमाडीह में जुआ फड़ पर पुलिस की कथित दबिश के बाद लापता हुए 38 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह गांव के गंगासागर तालाब से बरामद किया गया। मृतक की पहचान महेश राम केंवट के रूप में हुई है, जो 22 नवंबर की रात से लापता था। युवक का शव मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मामले की गंभीरता और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी (ट्रेनी टीआई) जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
दबिश और मारपीट के डर से तालाब में कूदने का आरोप
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की रात गांव में जुआ चलने की सूचना पर हसौद पुलिस की टीम कथित तौर पर दबिश देने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कुछ युवकों के साथ मारपीट भी की, जिससे घबराकर महेश राम केंवट ने पास के गंगासागर तालाब में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य युवक भी पानी में उतरे थे, जो तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन महेश गहरे पानी में लापता हो गया। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से दबिश और मारपीट के इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तालाब किनारे मिला था जैकेट, एसडीआरएफ ने निकाला शव
घटना के बाद जब महेश घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिलने के बाद डूबने की आशंका गहरा गई। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बिलासपुर से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया। लगातार तीन दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह टीम ने तालाब से महेश का शव बाहर निकाला।
पड़ोसी के घर रखवाली करने की बात कहकर निकला था मृतक
महेश राम केंवट गांव में एक छोटी दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह यह कहकर घर से निकला था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के कारण वह उनके घर की रखवाली करने जा रहा है। 23 नवंबर की सुबह 7 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में तलाश करने के बाद भी पता नहीं चलने पर पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस समय परिजनों ने अपहरण कर बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी।
बिना वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति लिए और अकेले ही जुए के फड़ पर दबिश देना हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी को भारी पड़ गया है। रेड के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक के तालाब में कूदने और लापता होने के मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए सक्त्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

50 लाख मुआवजा और हत्या का केस दर्ज करने की मांग
बुधवार सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस नेता मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यप्रणाली के कारण एक निर्दोष युवक की जान गई है। परिजनों और नेताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों व प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और एसपी द्वारा की गई निलंबन की कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।