सक्ती

सक्ती में 21 से 29 दिसंबर तक गूंजेगी शिव महापुराण की कथा, जीवंत झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण

पंडित ओमप्रकाश शर्मा कराएंगे कथा का रसपान, राधा महिला समिति कर रही है भव्य आयोजन

सक्ती में 21 से 29 दिसंबर तक गूंजेगी शिव महापुराण की कथा, जीवंत झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण kshititech

सक्ती- शहर के वार्ड क्रमांक-09 (अखराभाटा) स्थित राधा महिला समूह के तत्वावधान में आगामी 21 से 29 दिसंबर 2026 तक नौ दिवसीय संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर भागवत एवं हनुमंत कृपा प्राप्त लक्ष्मणेश्वर द्वार, खरौद निवासी कथावाचक पंडित ओमप्रकाश शर्मा अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए समिति द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
प्रतिदिन होंगे अलग-अलग धार्मिक प्रसंग
आयोजन समिति के अनुसार, नौ दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा:
• प्रथम दिवस (21 दिसंबर, सोमवार): भव्य कलश यात्रा, देवराज की कथा, बिंदुक-चंचला कथा एवं शिव पुराण महात्मय।
• द्वितीय दिवस (22 दिसंबर, मंगलवार): शिवलिंग की महिमा व स्थापना, पंचाक्षर मंत्र, रुद्राक्ष उत्पत्ति, नारद संवाद एवं सृष्टि वर्णन।
• तृतीय दिवस (23 दिसंबर, बुधवार): सती चरित्र, सती विवाह, पार्वती जन्म एवं शिव-पार्वती विवाह प्रसंग।
• चतुर्थ दिवस (24 दिसंबर, गुरुवार): श्री कार्तिकेय व श्री गणेश जन्म, तारकासुर वध, जलंधर कथा, तुलसी उत्पत्ति एवं बाणासुर-गजासुर की कथा।
• पंचम दिवस (25 दिसंबर, शुक्रवार): पंच ब्रह्मावतार, नंदी जन्म, काल भैरव, श्री हनुमान चरित्र, राजा नमन प्रसंग एवं द्वादश ज्योतिर्लिंगों का महात्मय।
• षष्ठम दिवस (26 दिसंबर, शनिवार): शिवरात्रि व्रत, उपमन्यु उपदेश, यमलोक वर्णन, शरीर की उत्पत्ति एवं ओंकार विषयक प्रश्न।
• सप्तम दिवस (27 दिसंबर, रविवार): वेद आदि चौदह विद्या, पुराण वर्णन, सृष्टि रचना, शुंभ-निशुंभ उत्पत्ति एवं शिव-शिवा की लीला।
• अष्टम दिवस (28 दिसंबर, सोमवार): उपमन्यु चरित्र, शिवजी द्वारा नवधा भक्ति, गुरु दीक्षा विधि, योग वर्णन, कथासार, चढ़ोत्तरी एवं कथा विश्राम।
• नवम दिवस (29 दिसंबर, मंगलवार): हवन, सहस्त्रधारा, ब्राह्मण भोज, विदाई एवं विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन।
जीवंत झांकियां और भव्य कलश यात्रा रहेंगी आकर्षण का केंद्र
समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा के शुभारंभ अवसर पर 21 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही, कथा के सभी प्रसंगों पर आधारित मनमोहक जीवंत झांकियां प्रतिदिन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कथा श्रवण करने आने वाले धर्मप्रेमियों के लिए उत्तम बैठक व्यवस्था भी की जा रही है।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी समिति
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में राधा महिला समूह (वार्ड नंबर-9, अखराभाटा) की अध्यक्ष शांति थवाईत, सचिव रामेश्वरी देवांगन सहित सदस्यगण चंचल देवांगन, चांदनी देवांगन, शांति देवांगन, रीना देवांगन, लक्ष्मी देवांगन, सुलोचना देवांगन, ललिता देवांगन, श्रद्धा द्विवेदी, पिंकी देवांगन, लया देवांगन, रमा देवांगन, सावित्री देवांगन, विद्या देवांगन और गुड्डी देवांगन सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचने की अपील
आयोजन समिति ने नगर एवं क्षेत्र के समस्त श्रद्धालु धर्मप्रेमियों से सपरिवार कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। कथा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6563621730, 9300627299 एवं 7987446725 पर संपर्क किया जा सकता है।