सक्ती

सकरेली कला में चल रही शिव महापुराण कथा में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर

सकरेली कला में चल रही शिव महापुराण कथा में शामिल हुईं भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर kshititech

सक्ती –  ग्राम पंचायत सकरेली कला में आयोजित सार्वजनिक शिव महापुराण कथा के छठवें दिन धर्म और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश मंत्री विद्या सिदार एवं सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम व्यासपीठ की विधिवत पूजा-अर्चना की और कथावाचक राष्ट्रीय संत नारायण दास जी को शाल व श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिव आराधना से मिलता है सुख-शांति और संकटों से मुक्ति: विद्या सिदार
कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार ने कहा कि भगवान शिव की कथा के श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन के सभी संकट दूर हो जाते हैं और वह मृत्यु के भय पर भी विजय प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि जहां भगवान शिव का वास होता है, वहां सदैव सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है तथा पूरा परिवार खुशहाल रहता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को भगवान भोलेनाथ की आराधना करनी चाहिए और जब भी अवसर मिले, ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर कथा श्रवण से अपने जीवन व भाग्य को संवारना चाहिए।
कथावाचक नारायण दास ने सुनाई रुद्राक्ष की उत्पत्ति और गणेश विवाह की महिमा
कथा के छठवें दिन राष्ट्रीय कथावाचक नारायण दास जी ने भक्तों को रुद्राक्ष की उत्पत्ति, भगवान गणेश-कार्तिकेय के विवाह और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के पावन प्रसंगों का रसपान कराया।
• रुद्राक्ष की उत्पत्ति: उन्होंने बताया कि भगवान शिव ने जब दीर्घकाल तक तपस्या करने के बाद अपने नेत्र खोले, तो उनके नेत्रों से प्रेम और करुणा के अश्रुबिंदु पृथ्वी पर गिरे, जिनसे रुद्राक्ष के वृक्ष उत्पन्न हुए। भगवान शिव ने माता पार्वती को रुद्राक्ष की महिमा बताते हुए कहा था कि इसे धारण करने से समस्त पापों का नाश होता है और अंत में मोक्ष की प्राप्ति होती है।
• गणेश-कार्तिकेय विवाह प्रसंग: विवाह के प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि शिव-पार्वती ने शर्त रखी थी कि जो सबसे पहले संपूर्ण पृथ्वी की परिक्रमा कर लौटेगा, उसी का विवाह पहले होगा। कार्तिकेय जी अपने वाहन मयूर पर सवार होकर पृथ्वी की परिक्रमा करने निकल पड़े, लेकिन श्री गणेश जी ने अपनी तीव्र बुद्धि का परिचय देते हुए माता-पिता (शिव-पार्वती) की ही परिक्रमा कर ली। उन्होंने कहा कि संतान के लिए माता-पिता के चरणों में ही संपूर्ण संसार और तीनों लोक समाहित हैं। गणेश जी की इस बुद्धि और मातृ-पितृ भक्ति से प्रसन्न होकर शिव-पार्वती ने उनका विवाह रिद्धि और सिद्धि के साथ संपन्न कराया।
महाआरती और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
कथा के समापन पर अतिथियों सहित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की भव्य महाआरती की और भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस धार्मिक आयोजन में गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे।