सक्ती

बुजुर्ग महिला से मारपीट कर पैर तोड़ने के मामले में देवर और बहू के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती –   थाना क्षेत्र के ग्राम भठोरा में एक बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौच और मारपीट कर उसका पैर तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला के बेटे की शिकायत पर मालखरौदा पुलिस ने आरोपी देवर और बहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भठोरा निवासी खगेसर प्रसाद जाटवर अपनी पत्नी के साथ तमिलनाडु में रोजी-मजदूरी का काम करता है। गांव में उसकी बूढ़ी मां सहोद्रा बाई जाटवर अपने पोता-पोती (अरुण कुमार और रोशनी) के साथ रहती हैं।
लक्ष्मी पूजा से लौटने पर शुरू हुआ विवाद
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर 2026 की शाम वह तमिलनाडु में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी बेटी रोशनी ने फोन पर घटना की जानकारी दी। रोशनी ने बताया कि वह गांव में हो रही लक्ष्मी पूजा में गई थी। जब वह घर लौटी, तो उसकी चाची निशा जाटवर ने उस पर बॉयफ्रेंड से मिलने जाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पर दादी को पीटा, पैर में लगा प्लास्टर
जब दादी सहोद्रा बाई ने बहू निशा को गाली देने से मना किया, तो चाचा धनेश्वर जाटवर और चाची निशा जाटवर दोनों भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला और पोती को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के व लात से बुरी तरह मारपीट की। इस मारपीट में बुजुर्ग महिला का बायां पैर टूट गया।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना की सूचना मिलने के तीन दिन बाद प्रार्थी गांव लौटा। परिजनों ने घायल मां को इलाज के लिए चांपा के डॉ. नायक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनके टूटे पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 24 नवंबर को प्रार्थी ने मालखरौदा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने आरोपी धनेश्वर जाटवर और निशा जाटवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।