सक्ती

1 दिसंबर से जिले के सभी शासकीय कार्यालय होंगे पेपरलेस, ई-ऑफिस से होगा शत-प्रतिशत कामकाज

1 दिसंबर से जिले के सभी शासकीय कार्यालय होंगे पेपरलेस, ई-ऑफिस से होगा शत-प्रतिशत कामकाज kshititech

कलेक्टर जयश्री जैन ने किया प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण लेने के दिए निर्देश

सक्ती-  शासन की मंशानुरूप शासकीय कामकाज को अधिक सरल, पारदर्शी और गतिशील बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में कागजी कार्यप्रणाली को समाप्त कर पूर्णतः पेपरलेस व्यवस्था लागू करने के उद्देश्य से सभी शासकीय कार्यालयों में ‘ई-ऑफिस प्रणाली’ शुरू की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्टोरेट कार्यालय के आईटी कक्ष में चल रहे ई-ऑफिस प्रशिक्षण कार्य का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली का प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि आगामी 1 दिसंबर 2026 से जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में शत-प्रतिशत कामकाज ई-ऑफिस के माध्यम से ही संपादित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को इस नई प्रणाली को गंभीरता से अपनाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ करने को कहा है।
20 दिसंबर तक चलेगा प्रशिक्षण सत्र
उल्लेखनीय है कि ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन कार्यालयीन दिवसों में कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-15 (आईटी कक्ष) में आयोजित हो रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होकर डिजिटल कार्यप्रणाली की बारीकियां सीख रहे हैं।
कार्यालयीन कार्यों में आएगी पारदर्शिता और गति
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से शासकीय कार्यों में कागज की निर्भरता समाप्त होगी। इससे फाइलों के संचालन, पत्राचार और दस्तावेजों के निपटारे में होने वाली अनावश्यक देरी रुकेगी तथा सभी कार्यालयीन प्रक्रियाएं अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध हो सकेंगी।