सक्ती

डायल-112 वाहन को टक्कर मारकर पुलिस टीम से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले 07 आरोपी गिरफ्तार

डायल-112 वाहन को टक्कर मारकर पुलिस टीम से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले 07 आरोपी गिरफ्तार kshititech

मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध गुंडा बदमाश व जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित

घायल को अस्पताल ले जा रही डायल-112 टीम का रास्ता रोककर थार चालक और उसके साथियों ने की थी गुंडागर्दी

सक्ती-  शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट करने वाले आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन को टक्कर मारने के बाद पुलिस टीम पर हमला करने वाले सभी 07 आरोपियों को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घायल को अस्पताल ले जाते समय हुई थी घटना
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 06 नवंबर 2026 की रात्रि थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को लिंगवा रोड में सड़क दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक थार वाहन (क्रमांक CG 11 BS 3187) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शासकीय वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों से की मारपीट
दुर्घटना के बाद जब डायल-112 के पुलिसकर्मी वाहन रोककर क्षति का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार चालक भावेश केशरवानी ने फोन कर अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी और अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी आरोपियों ने एकजुट होकर पुलिस वाहन का रास्ता रोक लिया और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी भी दी और शासकीय कार्य में व्यवधान डाला।
न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद हुई गिरफ्तारी
डायल-112 टीम की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 367/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की पतासाजी कर रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते 23 नवंबर 2026 को सभी सातों आरोपियों ने माननीय न्यायालय नवागढ़ में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
मुख्य आरोपी पर होगी जिला बदर की कार्रवाई
इस प्रकरण के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके विरुद्ध गुंडा बदमाश की सूची में नाम दर्ज करने तथा जिला बदर की कार्रवाई करने के लिए जिला दंडाधिकारी और वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. भुनेश्वर केशरवानी
2. भावेश केशरवानी
3. राजू साहू
4. दीपक साहू
5. शुभम केशरवानी
6. राकेश चंद्रा
7. इतवारी खूंटे
पुलिस की आमजन से अपील
            जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालना और कानून व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता या मारपीट करना एक गंभीर अपराध है। पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और कानून को अपने हाथ में न लेने की हिदायत दी है।