कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं

जनदर्शन के आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करे विभागीय अधिकारी – कलेक्टर
जनदर्शन में कुल 13 आवेदन हुए प्राप्त

सक्ती – जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर नवीन भगत, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील भोथिया अंतर्गत ग्राम ठठारी निवासी श्रीमती सीता साहू ने छात्रवृत्ति पोर्टल का लॉक खोलने एवं पुन आवेदन सत्यापन की सुविधा प्रदान करने के सम्बन्ध में, तहसील चंद्रपुर अंतर्गत ग्राम चंद्रपुर निवासी श्रीमती लंबी सारथी ने आंगनबाड़ी सहायिका पद के आवेदन के सम्बन्ध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम भठोरा निवासी रघुवीर कुमार चंद्रा ने उनके ग्राम में शासकीय उचित मूल्य दुकान का अनियमितता पूर्ण संचालन किए जाने के कारण किसी अन्य एजेंसी को कार्य दिए जाने के संबंध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम भूतहा निवासी अश्वनी कुमार वैष्णव ने एग्रीस्टेक में नाम दर्ज करने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया।
