तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत

सक्ती – डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छवारीपाली के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चल रही एक यात्री बस ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों व्यक्तियों की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी मोहर दास बैरागी, हरिशंकर चौहान और सेतकुमार पटेल रविवार सुबह हरिशंकर चौहान की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 AS 1618) पर सवार होकर ग्राम सपोस में आयोजित ‘रामसत्ता’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।
दोपहर जब वे ग्राम छवारीपाली स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी चंद्रपुर की ओर से आ रही मुस्कान बस (क्रमांक CG 06 HF 9996) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
अस्पताल में तीनों को मृत घोषित किया गया
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवारों को सिर, चेहरा, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) डभरा ले जाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक मोहर दास बैरागी के पुत्र जितेन्द्र कुमार बैरागी अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतक के पुत्र जितेन्द्र कुमार बैरागी की मौखिक शिकायत पर डभरा पुलिस ने मुस्कान बस (CG 06 HF 9996) के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में ले लिया है।
