सक्ती

सड़क पर लापरवाही से खड़ी फॉर्च्यूनर कार से टकराई बाइक, 18 वर्षीय युवक की मौके पर मौत; कार मालिक पर केस दर्ज

सक्ती –  सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फगुरम में सड़क पर बिना सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग लाइट के लापरवाहीपूर्वक खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार से बाइक के टकरा जाने से 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद फॉर्च्यूनर कार के मालिक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भांटा (चौकी फगुरम) निवासी चेतन प्रसाद बर्मन ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 18 वर्षीय पुत्र किशन कुमार बर्मन 20 नवंबर 2026 की शाम अपने दो दोस्तों घनश्याम विश्वकर्मा और निलेश रौतिया के साथ घूमने के लिए फगुरम गया था। तीनों युवक घनश्याम विश्वकर्मा की काले रंग की बजाज पल्सर बाइक (क्रमांक CG 13 BK 0259) पर सवार थे। बाइक किशन कुमार बर्मन चला रहा था, जबकि उसके दोनों दोस्त पीछे बैठे थे।
बिना पार्किंग लाइट के सड़क पर खड़ी थी कार
रात जब तीनों युवक फगुरम से घठोली मैदान रोड होते हुए वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम फगुरम में चरण दास बघेल (गभेल) के घर के सामने सड़क पर एक फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक MP 19 CB 4440) खड़ी थी। अंधेरे में सड़क पर बिना किसी सुरक्षा संकेतक और बिना पार्किंग लाइट जलाए खड़ी इस कार से बाइक की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे किशन कुमार बर्मन के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में पीछे बैठे घनश्याम विश्वकर्मा को भी चोटें आई हैं।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना पर चौकी फगुरम पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि फॉर्च्यूनर कार के स्वामी द्वारा अपनी गाड़ी को लोक मार्ग में बाधा उत्पन्न करते हुए उपेक्षा व लापरवाहीपूर्वक बिना पार्किंग लाइट चालू किए खड़ा किया गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने 22 नवंबर 2026 को फॉर्च्यूनर कार (MP 19 CB 4440) के स्वामी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 106(1) (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) और धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में खतरा या बाधा उत्पन्न करना) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।