सक्ती

ग्रामीणों से लाखों की ठगी करने वाला फरार कियोस्क संचालक गिरफ्तार, 6 साल से थी पुलिस को तलाश

ग्रामीणों से लाखों की ठगी करने वाला फरार कियोस्क संचालक गिरफ्तार, 6 साल से थी पुलिस को तलाश kshititech

सक्ती – ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का गबन करने के मामले में बाराद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी और कियोस्क बैंक संचालक सोहरत बंजारे (पिता फुलसाय बंजारे, निवासी कांशीगढ़, थाना बाराद्वार) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
फर्जी रसीद देकर की थी लाखों की ठगी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पलाड़ी कला निवासी प्रार्थिया उमा साहू (45 वर्ष, पति बुधराम साहू) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 30 मई 2019 को उन्होंने मुक्ताराजा, बाराद्वार स्थित एसबीआई (SBI) कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक सोहरत बंजारे के पास एक वर्ष के फिक्स डिपॉजिट (FD) के लिए 56,000 रुपये जमा किए थे। आरोपी ने रकम लेकर उन्हें फिक्स डिपॉजिट की एक रसीद भी थमा दी थी।
बाद में जब प्रार्थिया को पैसों की जरूरत पड़ी और वे बैंक से राशि निकालने पहुंचीं, तो पता चला कि उनके खाते में कोई राशि जमा ही नहीं की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीणों के बैंक खातों में रकम जमा करने और निकालने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का गबन किया है।
2020 से फरार था आरोपी
प्रार्थिया की शिकायत पर बाराद्वार पुलिस ने वर्ष 2020 में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 34/2020 के तहत धारा 420, 467, 468 और 471 भादवि (IPC) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में बाराद्वार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी सोहरत बंजारे को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।