छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन का आंदोलन रंग लाया, वेलफेयर बोर्ड के गठन का मार्ग प्रशस्त

प्रारूप समिति में जिले के संतोष देवांगन शामिल, महासंगठन ने मंदिर में मत्था टेक कर व आतिशबाजी के साथ मनाई खुशियां

सक्ती – प्रदेश के चालकों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन द्वारा 12 नवंबर से शुरू किया गया अनिश्चितकालीन आंदोलन आखिरकार सफल रहा। राज्य सरकार द्वारा ड्राइवरों के कल्याण हेतु ‘ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड’ के गठन पर सहमति जताने के बाद महासंगठन ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद जिले के चालकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
सात सदस्यीय संयुक्त समिति करेगी प्रारूप तैयार
आंदोलन समाप्ति की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के प्रदेश प्रभारी संतोष देवांगन ने बताया कि महासंगठन की मुख्य मांगों में ड्राइवर सुरक्षा कानून, राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग और राज्य में शीघ्र ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन शामिल था। सरकार की सहमति के बाद अब बोर्ड का प्रारूप तैयार करने के लिए सात सदस्यीय संयुक्त टीम का गठन किया गया है। इस समिति में श्रम विभाग, गृह एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ड्राइवर प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जिसमें स्वयं संतोष देवांगन भी सदस्य के रूप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समिति की बैठक शीघ्र ही आयोजित की जाएगी।
हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर बांटा प्रसाद
वेलफेयर बोर्ड के गठन का मार्ग प्रशस्त होने की खुशी में ड्राइवर महासंगठन की जिला इकाई द्वारा स्थानीय श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पदाधिकारियों व सदस्यों ने मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया। इसके पश्चात चालकों ने ‘जय सारथी, जय भारती’ के गगनभेदी उद्घोष के साथ जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशियों का इजहार किया।
एकजुटता से सधेगा ड्राइवरों का हित: चितरंजय पटेल
इस अवसर पर महासंगठन के संरक्षक एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने सात सदस्यीय प्रारूप समिति में स्थान मिलने पर संतोष देवांगन को बधाई दी। उन्होंने ड्राइवरों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी साथियों के शांतिपूर्ण और एकजुट आंदोलन ने आज सफलता की राह दिखाई है। बोर्ड के गठन से निश्चित रूप से चालक समाज के हितों की रक्षा होगी। उन्होंने सभी से भविष्य में भी इसी तरह एकता बनाए रखने और ड्राइवरों की सुरक्षा व संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
जश्न और आतिशबाजी के इस कार्यक्रम में रमेश हरवंश, हीरा देवांगन, सतवंत भारद्वाज, पवन, कन्हैया देवांगन और अर्जुन चंद्रा सहित महासंगठन के अनेक पदाधिकारी व बड़ी संख्या में ड्राइवर साथी मौजूद रहे।
