सक्ती

बस की जोरदार टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, रास्ते में तोड़ा दम

महामाया पेट्रोल पंप के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से गई युवक की जान; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

बस की जोरदार टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, रास्ते में तोड़ा दम kshititech

सक्ती / बिर्रा – बिर्रा थाना क्षेत्र के घिवरा राज्य मार्ग में स्थित महामाया पेट्रोल पंप के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए चांपा ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नगरदा, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़ निवासी केशव प्रसाद बंजारे 35 वर्ष , पिता जगतराम बंजारे, सीजी 06 जीपी 5506 नंबर की बाइक से किसी काम के सिलसिले में हसौद जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट पर उन्होंने घिवरा रोड स्थित महामाया पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया और आगे बढ़े। इसी दौरान गुरु कृपा बस (सीजी 10 बीजे 8293) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और केशव को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय स्तर पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए चांपा ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर तत्काल बिर्रा पुलिस पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह भेज दिया।


लापरवाही बनी जानलेवा
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को उजागर किया है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। अब पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।