कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने धान खरीदी केंद्र मसनिया खुर्द और खैरा का किया औचक निरीक्षण

केंद्रों में ड्रेनेज व तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखने सहित किसानों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश



सक्ती- कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज जिले के धान खरीदी केंद्र मसनिया खुर्द और खैरा का औचक निरीक्षण कर उपार्जन कार्य एवं आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं खरीदी प्रभारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से साफ-सुथरा एवं शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता (एफएक्यू) का ही धान खरीदा जाए। उन्होंने टोकन के आधार पर धान की व्यवस्थित ढेरी लगाकर खरीदी करने तथा सभी बारदानों पर स्टेंसिल के माध्यम से संबंधित धान खरीदी केंद्र का नाम अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, बेमौसम बारिश या नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ड्रेनेज (पानी निकासी) एवं तिरपाल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
किसानों की सुविधा और तकनीकी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने केंद्रों में संचालित इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बारदाने, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, सीसीटीवी कैमरे एवं धान की गुणवत्ता जांच (आर्द्रता मापक यंत्र आदि) से जुड़ी व्यवस्थाओं को सदैव दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला विपणन अधिकारी (मार्कफेड) रमेश लहरे, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं (एआरसीएस) मनीष खोबरागड़े, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक शैलेंद्र तिवारी, पर्यवेक्षक विनोद साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
15 जनवरी 2027 तक सुचारू रूप से चलेगी खरीदी
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में 15 नवम्बर से 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित अवधि में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी करने तथा किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
