मालखरौदा विकासखंड की 10 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित

इच्छुक ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह एवं सहकारी समितियां 27 नवंबर तक जमा कर सकेंगी आवेदन

सक्ती- विकासखंड मालखरौदा अंतर्गत रिक्त 10 शासकीय उचित मूल्य दुकानों (राशन दुकानों) के सुचारू संचालन के लिए पात्र एवं इच्छुक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विकासखंड की ग्राम पंचायत चिखली, सिंघरा, कुधरी, जमगहन, मोहतरा, कुरदा, बरभाठा, छोटेसीपत, अंडा तथा नगर पंचायत अड़भार के वार्ड क्रमांक 04 में स्थित उचित मूल्य दुकानों के आवंटन हेतु यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक संस्थाएं निर्धारित शर्तों के अधीन 27 नवंबर 2026 तक कार्यालयीन समय में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय, मालखरौदा में अपना आवेदन जमा कर सकती हैं।
ये संस्थाएं कर सकेंगी आवेदन
शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए संबंधित क्षेत्र की ग्राम पंचायतें, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां, वन सुरक्षा समितियां एवं अन्य पंजीकृत सहकारी समितियां पात्र होंगी। इच्छुक संस्थाएं कार्यालयीन अवधि में एसडीएम (राजस्व) कार्यालय मालखरौदा से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन पत्र को पूर्ण रूप से भरकर समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित अंतिम तिथि तक कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
संचालन हेतु प्रमुख नियम एवं शर्तें:
• ग्राम पंचायत के लिए नियम: यदि दुकान का आवंटन ग्राम पंचायत को होता है, तो पंचायत को स्वयं इसका संचालन करना होगा; किसी निजी व्यक्ति को इसके लिए अधिकृत नहीं किया जा सकेगा। संचालन हेतु ग्राम सभा द्वारा सरपंच, सचिव, पंच, एक प्राथमिकता राशनकार्डधारी तथा एक अंत्योदय राशनकार्डधारी की एक समिति बनाई जाएगी, जिसमें कम से कम दो महिला सदस्यों का होना अनिवार्य है। दुकान में विक्रेता के रूप में ग्राम सभा के अनुमोदन से किसी स्थानीय शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति की नियुक्ति की जा सकेगी।
• महिला स्व-सहायता समूह के लिए नियम: आवेदन करने वाले महिला स्व-सहायता समूह का पंजीयन अनिवार्य है। यह पंजीयन आवेदन तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व का होना चाहिए तथा समूह को सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव होना आवश्यक है। दुकान से जुड़े सभी कार्य, खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण समूह की महिला सदस्यों द्वारा ही किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में पुरुषों से कार्य नहीं कराया जा सकेगा।
• सहकारी समितियों के लिए नियम: सहकारी समितियों का भी आवेदन तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व पंजीकृत होना और सामाजिक-आर्थिक क्षेत्र में कार्य का अनुभव होना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उचित मूल्य दुकान आवंटित होने के पश्चात संचालनकर्ता एजेंसी को राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी समस्त नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा।
