जेसीबी और ट्रैक्टर के किराये के विवाद में मारपीट, तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलनी में जेसीबी और ट्रैक्टर के बकाया किराये की रकम मांगने गए वाहन मालिक और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज और डंडे से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम मोहंदीकला (थाना सक्ती) निवासी कमलेश कुमार सिदार (33 वर्ष) ने जैजैपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्होंने सितंबर 2026 में किस्तों पर एक नई जेसीबी खरीदी थी। ग्राम सलनी निवासी राजकुमार चन्द्रा के कहने पर कमलेश ने 2 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक अपनी नई जेसीबी और दो ट्रैक्टरों के साथ राजकुमार के यहां मिट्टी खुदाई का काम किया था। काम पूरा होने के बाद भी राजकुमार ने न तो डीजल-पेट्रोल का खर्च दिया और न ही काम का किराया चुकाया।
टालमटोल के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित के अनुसार, पैसे मांगने पर राजकुमार चन्द्रा लगातार टालमटोल करता रहा और फोन पर पैसे मांगने पर जातिगत अपमान करते हुए देख लेने की धमकी दी। इसके बाद बुधवार, 11 नवंबर 2026 को दोपहर कमलेश अपनी पत्नी संजना राज, जीजा रामप्रसाद नेताम, ड्राइवर अभय खैरवार और अन्य साथियों के साथ पैसे मांगने ग्राम सलनी स्थित राजकुमार के घर पहुंचे।
डंडे से किया हमला, तीन लोग घायल
वहां मौजूद राजकुमार चन्द्रा की पत्नी, भाई और भाई की पत्नी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। जब कमलेश ने पैसे देने की तारीख लिखकर देने को कहा, तो तीनों आरोपी घर से डंडा निकाल लाए और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। इस मारपीट में ड्राइवर अभय खैरवार की दाहिनी कोहनी, कमलेश की पत्नी संजना राज की दाहिनी भुजा और जीजा रामप्रसाद नेताम की दाहिनी जांघ में चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायतकर्ता कमलेश कुमार सिदार की रिपोर्ट पर जैजैपुर पुलिस ने 11 नवंबर की शाम राजकुमार चन्द्रा की पत्नी, राजकुमार के भाई और भाई की पत्नी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 115(1), 296, 3(5) और 351(3) के तहत एफआईआर (FIR नं. 0303/2026) दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
