जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को न्यायालय में किया आत्मसमर्पण

आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में दर्ज हैं 14 एफआईआर

सक्ती – जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने कोर्ट पहुंचकर सरेंडर किया। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही।
कड़ी शर्तों के साथ मिली थी अंतरिम राहत
अमित बघेल को दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कानूनी राहत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका तो खारिज कर दी थी, लेकिन तीन अलग-अलग मामलों में उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत प्रदान की थी। इस अवधि के दौरान न्यायालय ने उन्हें रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया था। हालांकि, उन्हें केवल पेशी की निर्धारित तारीखों पर रायपुर आने की अनुमति दी गई थी। मामले में बचाव पक्ष के वकील हर्षवर्धन परगनिया ने इसे तीन महीने की अंतरिम जमानत बताया था। वहीं, आपत्तिकर्ता के वकील सुनील ओटवानी का कहना था कि नियमित जमानत खारिज होने के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें तीन महीने का पैरोल दिया था।
क्या था पूरा विवाद?
इस पूरे विवाद की शुरुआत 26 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब रायपुर के वीआईपी चौक पर स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए थे, जिस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी झड़प और हंगामा हुआ था। बाद में प्रशासन ने प्रतिमा की पुनः स्थापना कर दी थी और तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका सेंदरी व रांची में इलाज चल चुका है।
टिप्पणी के बाद भड़का था आक्रोश, दर्ज हुए थे 14 मामले
प्रतिमा तोड़े जाने की घटना के बाद अमित बघेल ने कथित तौर पर अग्रवाल और सिंधी समाज के आराध्य देवों व समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके इस बयान के बाद प्रदेशभर में भारी आक्रोश फैल गया था। रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत राज्य के कई हिस्सों में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर सार्वजनिक माफी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि ऐसी बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है।
इसी मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर सहित छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों के विभिन्न थानों में अमित बघेल के खिलाफ कुल 14 एफआईआर दर्ज की गई थीं।
