कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट के सभी विभागों का किया औचक निरीक्षण, ऑफलाइन कार्य बंद कर ऑनलाइन फाइल संधारण के दिए निर्देश

अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति के दिए निर्देश
सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों की स्थिति का अवलोकन करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों व क्लर्कियल स्टाफ को ऑफलाइन कार्यप्रणाली बंद कर शासकीय फाइलों का संचालन एवं संधारण ऑनलाइन माध्यम से सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्देशानुसार समय पर कार्यालय में उपस्थित होने तथा अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भू-अभिलेख, स्थापना, अपर कलेक्टर कक्ष, कोर्ट रुम, आवक-जावक, नाजिर, निर्वाचन, जनसंपर्क, चिप्स शाखा, आदिवासी विकास एवं खनिज शाखा सहित विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, शासकीय अभिलेखों के संधारण एवं कार्यों के संचालन का जायजा लिया।
कलेक्टर श्रीमती जैन ने सभी विभागों को शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने तथा ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में सभी आवश्यक जगहों पर डस्टबिन रखने, स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा छोटा वीसी कक्ष तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करें, ताकि नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना से कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत सहित कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
ऑफलाइन कार्य बंद कर सभी फाइलों का ऑनलाइन संधारण सुनिश्चित करें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती जैन ने समस्त विभागों के अधिकारियों व क्लर्कियल स्टाफ को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों में ऑफलाइन प्रक्रिया को बंद कर सभी शासकीय फाइलों एवं अभिलेखों का संधारण ऑनलाइन माध्यम से किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में डिजिटल प्रणाली को प्राथमिकता देते हुए फाइलों का संचालन, संधारण एवं निराकरण ऑनलाइन सुनिश्चित किया जाए। इससे शासकीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, फाइलों की निगरानी आसान होगी तथा प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कोई भी फाइल अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी विभाग ऑनलाइन फाइल प्रबंधन व्यवस्था का गंभीरता से पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने से प्रशासनिक व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और जवाबदेह बनेगी।
कार्यालयीन अनुशासन और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में पहुंचकर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, शासकीय अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यों के संचालन की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें तथा कार्यालयीन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जनहित के कार्यों को दें सर्वाेच्च प्राथमिकता, समस्याओं का करें त्वरित निराकरण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण किया जाए। नागरिकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। उन्होंने जनहित से जुड़े प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण करने तथा नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आपसी समन्वय से योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं
कलेक्टर श्रीमती जैन ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे यह सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए तथा आम नागरिकों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली जितनी व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह होगी, आम नागरिकों को उतनी ही बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट कार्यालय में किए गए इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, डिजिटल फाइल प्रबंधन व्यवस्था को बढ़ावा देना, कार्यालयीन अनुशासन सुनिश्चित करना तथा जनहित से जुड़े कार्यों के समयबद्ध निष्पादन में तेजी लाना है।
