समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का किया गया वितरण




सक्ती – समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर, सम्मानजनक एवं सुगम जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस उद्देश्य से ग्राम पंचायत जांजग में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से विभिन्न दिव्यांगजनो व वृद्धजनों को आवश्यक सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप छड़ी, व्हीलचेयर एवं स्टिक प्रदान की गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में आवागमन करने तथा अपने कार्यों को अधिक सहजता एवं सुगमता से संपन्न करने में सहायता मिल सकेगी। इस प्रकार के प्रयास जरूरतमंद हितग्राहियों के जीवन को सरल बनाने के साथ-साथ समाज में संवेदनशीलता, सहयोग एवं समावेशिता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति शासन द्वारा संचालित योजनाओं से वंचित न रहे। इस अवसर पर जनपद पंचायत सक्ती सदस्य श्रीमती प्रतिभा मेहरा, सहायक सांख्यिकी अधिकारी लालेश्वर सिंह मेहरा, समाज कल्याण विभाग अधिकारी मेवालाल झारिया व विभिन्न हितग्राही उपस्थित रहे।
