सक्ती

इलाज के बहाने क्लिनिक में महिला से छेड़खानी करने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, 8 घंटे के भीतर भेजा गया जेल

सक्ती –  थाना बाराद्वार क्षेत्र के अंतर्गत इलाज कराने आई एक महिला से गलत नीयत से छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म (बलात्कार के प्रयास) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सिर दर्द का इलाज कराने गई थी पीड़िता
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 28 अक्टूबर 2026 को बाराद्वार थाने में उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 की सुबह से उसके सिर में तेज दर्द हो रहा था। उसने अपने पति को इस बारे में बताया, जिसके बाद उसका पति उसे इलाज के लिए रायपुरा गांव के एक क्लिनिक में ले गया, जिसे आरोपी संचालित करता है।
पर्दे की आड़ में की अश्लील हरकत
क्लिनिक पहुंचने पर शाम करीब 6:48 बजे आरोपी ने पीड़िता के पति को पर्दे की आड़ में बाहर बैठने को कहा। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से कहा कि गैस के कारण उसके सिर में दर्द हो रहा है और उसे चेकअप टेबल पर लेटा दिया। पेट चेक करने के बहाने आरोपी ने गलत नीयत से पीड़िता को छुआ और उसके साथ छेड़खानी (दुष्कर्म का प्रयास) शुरू कर दी। घटना से डरी-सहमी पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती बताई और अगले दिन थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 407/2026, धारा 64(2) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) तथा धारा 3(ii)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के कुशल मार्गदर्शन में बाराद्वार थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर धरदबोचा।