सक्ती

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को घेरा, 13.5 करोड़ वोटरों के नाम काटने का लगाया आरोप

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को घेरा, 13.5 करोड़ वोटरों के नाम काटने का लगाया आरोप kshititech

सक्ती –  देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कोरबा के टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।प्रेस वार्ता को नेता प्रतिपक्ष एवं सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता नवज्योति पटनायक, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी तथा पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने संबोधित किया।13.5 करोड़ नाम काटने का आरोप –
कांग्रेस नेता नवज्योति पटनायक ने कहा कि पूरे देश में मतदाता सूची से करीब साढ़े 13 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए हैं। यह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए और मतदाता सूची में गड़बड़ी को तुरंत ठीक किया जाना चाहिए।मतदाताओं के अधिकारों पर चर्चा –
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं तक यह बात पहुंचाई जा रही है कि मताधिकार की रक्षा ही देश की रक्षा है।नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि मतदाता सूची से नाम काटना गरीब, आदिवासी और वंचित वर्ग के लोगों को मतदान से वंचित करने की साजिश है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि महिला मतदाताओं के नाम भी बड़ी संख्या में गायब हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए।1 नवंबर को दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम –
पटनायक ने जानकारी दी कि इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से लगभग 5 से 6 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, बूथ प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।अब देखना होगा कि कांग्रेस द्वारा उठाए गए इन गंभीर आरोपों पर चुनाव आयोग की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।