30 अक्टूबर को जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, जिले में मनाया जाएगा “पीएम किसान उत्सव दिवस”

सक्ती जिले के 85,450 किसानों के खातों में अंतरित होंगे लगभग 17.09 लाख करोड़ रुपये
सक्ती – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना पात्र भूमिधारक किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है। उप संचालक कृषि तरुण प्रधान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना की अब तक 23 किस्तों के माध्यम से किसानों को 17.08 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा से जारी की जाएगी। इस अवसर पर सक्ती जिले के 85,450 पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 17.09 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी। भारत सरकार द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिले में जिला, विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान एवं ग्रामीणजन इससे जुड़ सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। कृषि विभाग द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसानों को ज्यादा से ज्यादा योजना का लाभ मिल सकें।
