श्री रानी सती दादी मंदिर चांपा ने पेश की मानव सेवा की अनूठी मिसाल, देवलोकगमन पर सुहागिनों को मिलेगी दादी जी की पावन चुनरी

स्व. श्रीमती आशा देवी केडिया जी के निधन पश्चात ‘नई सोच, नई पहल’ की हुई शुरुआत, मंदिर समिति ने जारी किए संपर्क नंबर

सक्ती – धर्म और आस्था के क्षेत्र में पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बना चुके छत्तीसगढ़ के चांपा शहर में स्थापित श्री रानी सती दादी मंदिर (श्री नारायणी धाम) ने अब मानव सेवा की दिशा में भी एक बेहद सराहनीय और रचनात्मक पहल की शुरुआत की है। स्व. श्रीमती आशा देवी केडिया जी के निधन के पश्चात मंदिर समिति द्वारा चुनरी सेवा में सुहाग सामग्री के साथ एक नई सोच और नई परंपरा को प्रारंभ किया गया है।
इस अनूठी पहल के संबंध में जानकारी देते हुए श्री रानी सती दादी मंदिर के संस्थापक सदस्य महेंद्र सावी मित्तल ने बताया, “चांपा शहर का दादी जी का यह मंदिर केवल दान लेने का स्थान नहीं है, बल्कि यह दादी भक्तों और मानव सेवा का एक पावन केंद्र भी है। ‘आया है सो जाएगा, राजा, रंक, फकीर… पर किसको दादी जी का स्नेह मिला, यह भाग्य की लकीर’ वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए वे सुहागन माताएं बेहद परम भाग्यशाली होंगी, जिन्हें देवलोकगमन (निधन) पर दादी जी की पावन चुनरी और सुहाग सामग्री का आशीर्वाद प्राप्त होगा।”
क्या है ‘सदा सुहागन की चुनरी सेवा’?
श्री रानी सती दादी मंदिर समिति की ओर से शुरू की गई इस सेवा के तहत यदि क्षेत्र में किसी भी सुहागन महिला का देवलोकगमन होता है, तो दादी जी के आशीर्वाद स्वरूप मंदिर समिति की तरफ से उनकी पार्थिव देह पर अर्पित करने के लिए पवित्र चुनरी और सुहाग सामग्री पूर्णतः निशुल्क प्रदान की जाएगी।
समिति की नागरिकों से अपील
संस्थापक सदस्य महेंद्र मित्तल ने सभी नागरिकों और धर्मप्रेमियों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि समाज में ऐसी किसी भी दुःखद घटना (सुहागन महिला के देवलोकगमन) के उपरांत यथाशीघ्र मंदिर समिति को सूचना दें। समिति का यह प्रयास रहेगा कि अंतिम विदाई से पहले समय रहते आदरपूर्वक पवित्र चुनरी और सुहाग सामग्री को मृतिका के निवास स्थान तक पहुंचाया जा सके।
वर्षभर चलते हैं सेवा कार्य
उल्लेखनीय है कि श्री रानी सती दादी मंदिर चौपा जांजगीर छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार धर्म की रक्षा, मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अनेक रचनात्मक कार्य किए जाते रहे हैं। मंदिर परिसर में वर्षभर विभिन्न प्रकार के सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है, जिसमें पूरी मंदिर समिति और भक्तजन पूरी निष्ठा से जुटे रहते हैं।
सेवाओं के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क:
यदि कोई भी दादी भक्त मंदिर की इस अनूठी सेवा का लाभ लेना चाहता है या किसी भी प्रकार की सेवा गतिविधियों से जुड़ना चाहता है, तो वह सीधे निम्नलिखित पदाधिकारियों से संपर्क कर सकता है:
महेंद्र मित्तल (चांपा-जांजगीर): 90095 09625
राजेश अग्रवाल – आर.टी. (नैला): 70009 49441
आशीष अग्रवाल (जांजगीर): 70007 63117
