रेल्वे स्टेशन दुर्गोत्सव पंडाल में आज शाम बिखरेगा बंगाली संस्कृति का रंग, होगा भव्य धुनुची नृत्य

सक्ती- नगर के ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन दुर्गा पंडाल में महानवमी के पावन अवसर पर आज बंगाली संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। श्री दुर्गा पूजा एवं काली पूजा उत्सव समिति तथा बंगबंधु व बांग्ला समाज समिति, सक्ती के तत्वाधान में आज 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को संध्या 7:30 बजे महाआरती के बाद पारंपरिक धूप डांस यानी धुनुची नृत्य का भव्य आयोजन किया गया है।
हिंदू जागरण मंच के प्रमुख एवं उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने रेलवे दुर्गा पंडाल पहुंचकर माता के दर्शन किए। इस दौरान वहां की पारंपरिक धुनी आरती को देखकर वे भावुक हो गए और उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद किया।
अधिवक्ता पटेल ने कहा, “दुर्गा पूजा बंगाली संस्कृति की अनुपम पहचान है और पूरे देश में इस भव्य दुर्गोत्सव की शुरुआत बंग बंधुओं की ही देन है।” उन्होंने आगे बताया कि पहले इस पूरे क्षेत्र में केवल रेलवे स्टेशन पर ही माता की प्रतिमा विराजित की जाती थी, जहां पूरे नगर और आस-पास के गांवों के लोग बेहद उत्साह के साथ एकत्रित होते थे। दशकों पुरानी इस पावन परंपरा को आज भी बंग बंधु और रेलवे स्टेशन परिवार ने पूरी निष्ठा से जीवंत रखा है, जो कि अत्यंत सराहनीय है।
आयोजन समिति के देवाशीष बनर्जी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज शाम होने वाले इस विशेष धुनुची नृत्य में अदिति देवाशीष बनर्जी, मल्लिका कविराज, मोनालिसा भौमिक, मंजूनाथ के साथ बाल कलाकार और युवतियां यशा, तृष्णा एवं सुशीला पारंपरिक ढाक की थाप पर अपनी बेहतरीन और मनमोहक प्रस्तुति देंगी।
आयोजन समिति ने सक्ती नगर और आस-पास के सभी धर्मप्रेमियों व नागरिकों से सादर आग्रह किया है कि वे आज शाम ठीक 7:30 बजे रेलवे स्टेशन पंडाल पहुंचकर इस अलौकिक आरती और धुनुची नृत्य का हिस्सा बनें तथा इन अविस्मरणीय और भक्तिमय पलों का सपरिवार आनंद उठाएं।
