सेवा सेतु शिविर के लंबित आवेदनों का तेजी से करे निराकरण- कलेक्टर

पारस पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति समय पर अपडेट करने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन 1076 के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सभी विकासखंड में आयोजित किए गए सेवा सेतु शिविर में आमजन से प्राप्त विभिन्न आवेदन अंतर्गत लंबित आवेदनों का तेजी से और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्य योजना बनाकर सभी आवश्यक विभागीय कार्य करने के निर्देश दिए। जिससे कार्यों को बेहतर ढंग से किया जा सके। जिससे कार्यों के अच्छे प्रोग्रेस व रिजल्ट मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग अपनी योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को पोर्टल पर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से अपडेट करें। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विभागवार जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष सर्वे कार्य 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जियो-रेफरेंसिंग सर्वेयर फील्ड में जाकर सर्वे का कार्य कर रहे हैं। संबंधित अधिकारी शेष किसानों के साथ समन्वय स्थापित करे, ताकि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्बाध रूप से पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि सर्वे का कार्य सही तरीके से और समय पर पूरा होने से किसानों को भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इन कार्यो को पूरी गंभीरता से करे। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया में आमजन को सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए है।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित रूप से समीक्षा करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य व अन्य संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को मिलकर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए जिले में जल जीवन मिशन का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को ई-ऑफिस अंतर्गत विभागीय कार्यों का संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एचपीवी वैक्सिनेशन, निक्षय पोषण योजना, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
