साइबर ठगी के नए तरीके को लेकर सक्ती पुलिस अलर्ट, संदिग्ध लेनदेन से बचने की अपील

अर्जेंट पैसे की जरूरत बताकर खाते में मंगवा रहे रकम, बदले में नकद लेकर होल्ड करवा रहे बैंक खाते; संदिग्ध लेनदेन से बचने की अपील

सक्ती – जिले में साइबर ठगी के नए तरीके को लेकर जिला सक्ती पुलिस ने लोगों और गांवों में संचालित चॉइस सेंटर के संचालकों को सतर्क रहने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग चॉइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर फोन-पे के माध्यम से उनके खाते में रकम ट्रांसफर करवा रहे हैं। आरोपी अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर डिजिटल भुगतान के जरिए खाते में पैसा डलवाते हैं और बदले में संचालक से नकद रकम ले लेते हैं। बाद में खाते में प्राप्त राशि के साइबर फ्रॉड से जुड़ी होने की जानकारी सामने आने पर संबंधित बैंक खाता होल्ड किया जा सकता है। ऐसे में बिना किसी जानकारी के दूसरे व्यक्ति की ओर से भेजी गई संदिग्ध रकम स्वीकार करना चॉइस सेंटर संचालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
अनजान व्यक्ति के लेनदेन से बचें
जिला सक्ती पुलिस ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि अर्जेंट पैसे की जरूरत बताकर फोन-पे के माध्यम से खाते में रकम डलवाने और उसके बदले नकद राशि मांगने का प्रयास करता है, तो सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर इस तरह का लेनदेन करने से बचें और भुगतान करने वाले व्यक्ति की पहचान व रकम के स्रोत की पुष्टि अवश्य करें।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें
पुलिस ने आम नागरिकों और चॉइस सेंटर संचालकों से आग्रह किया है कि इस तरह पैसे मांगने या संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल सक्ती को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला सक्ती पुलिस की अपील है कि लालच, जल्दबाजी या किसी की मजबूरी के बहाने अनजान व्यक्ति के लिए पैसों का लेनदेन न करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें।
