सक्ती

सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग द्वारा जनजागरूकता शिविर का किया गया सफल आयोजन

प्रबंध संचालक वेयर हॉउसिंग कॉर्पोरेशन श्री आशीष कुमार टिकरिहा ने हरेठी में आयोजित सेवा सेतु शिविर का किया निरीक्षण

खाद्य विभाग द्वारा बीपीआरसी भवन हरेठी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी, आमजन को किया गया लाभान्वित

सक्ती – सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य विभाग द्वारा विकासखंड सक्ती अंतर्गत बीपीआरसी भवन हरेठी में सेवा संकल्प अभियान के तहत  जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाया गया। आज हरेठी मे आयोजित खाद्य विभाग के सेवा सेतु कैंप का प्रबंध संचालक वेयर हॉउसिंग कॉर्पोरेशन श्री आशीष कुमार टिकरिहा द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अब तक कितने हितग्राहियों को शिविर के माध्यम से लाभान्वित किया गया है कि जानकारी ली। इस अवसर पर प्रबंध संचालक वेयर हॉउसिंग कॉर्पोरेशन टिकरिहा द्वारा संबोधित करते हुए उपस्थित सभी हितग्राहियों को ऑनलाइन नए राशन कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के बारे मे विस्तृत जानकारी देते हुए उपस्थित हितग्राहियों को खाद्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओ का लाभ लेने की बात कही। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारियों को शिविर मे आने वाले  लोगों को  विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी  योजनाओ से लाभान्वित करते हुए सभी लोगों को योजनाओ की जानकारी भी देने के निर्देश दिए। बता दे की प्रबंध संचालक वेयर हॉउसिंग कॉर्पोरेशन श्री आशीष कुमार टिकरिहा को वर्तमान मे शासन द्वारा संचालक जनसंपर्क की जिम्मेदारी भी दी गई है।
        शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री जैसे चावल, चना, नमक, शक्कर के नमूनों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे हितग्राहियों को राशन सामग्री की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त हो पाई। शिविर के दौरान ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, मोबाइल सीडिंग, फिंगरप्रिंट सत्यापन नहीं होने की स्थिति में नामिनी के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की व्यवस्था, ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न वितरण तथा वन नेशन-वन राशन कार्ड (ONORC) सहित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY), राशन कार्डवार खाद्यान्न की पात्रता एवं वितरण व्यवस्था, नवीन राशन कार्ड निर्माण की ऑनलाइन प्रक्रिया तथा खाद्यान्न प्राप्त करने की पात्रता के संबंध में भी नागरिकों को अवगत कराया गया। शिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राज्य खाद्य आयोग, कॉल सेंटर, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित शिकायत एवं समाधान से संबंधित विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी प्रदान की गई। नागरिकों को बताया गया कि वे राशन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए निर्धारित माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। शिविर में विधायक प्रतिनिधि सक्ती ऋषि राय, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बंशी खाँड़े, जनपद पंचायत सभापति बजरंग राठौर,सभापति टंकेश्वर  पटेल, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मोंगरा डेन्सिल, जनपद पंचायत सदस्य ज्ञानेन्द्र खाँड़े, तिरिथ जांगड़े सहित सरपंच व अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह, सहायक खाद्य अधिकारी कमल अग्रवाल, खाद्य निरीक्षक अजित कूजूर, उचित मूल्य दुकान संचालक एवं विभिन्न गणमान्य नागरिक व हितग्राहियों  की गरिमामय उपस्थिति रही।
                               उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग द्वारा 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु शिविर के माध्यम से आमजन को विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इन कैंपों के माध्यम से आम नागरिकों एवं हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा राज्य सरकार की खाद्य योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर 2026 को जनपद सभाकक्ष जैजैपुर में, 29 सितंबर 2026 को जनपद सभाकक्ष मालखरौदा एवं डभरा में और 30 सितंबर 2026 को आज बी.पी.आर.सी. भवन हरेठी, सक्ती में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, डिजिटल सुविधाओं एवं हितग्राही-केंद्रित सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए विभागीय योजनाओ से लाभान्वित किया गया।