सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नमो सेवा संगीतमय नाटक प्रस्तुति का होगा मंचन

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगी अनकही कहानियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की कहानी
सक्ती – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में “नमो सेवा गाथा” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रेरणादायक उपलब्धियों को आमजन तक रोचक एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिले के विभिन्न विकासखंडों में महाविद्यालयों को नोडल संस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्धारित तिथियों में महाविद्यालयों की नाट्य टीमों द्वारा चयनित स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का संगीतमय मंचन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 22 सितम्बर 2026 को सक्ती विकासखंड के नया बाराद्वार से होगी, जहां शासकीय क्रांतिकुमार भारतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सक्ती की टीम प्रस्तुति देगी। इसके पश्चात 23 सितम्बर को टेमर में जवाहरलाल नेहरू डिग्री महाविद्यालय सक्ती द्वारा तथा 24 सितम्बर को जैजैपुर में शासकीय नवीन महाविद्यालय जैजैपुर द्वारा एवं हसौद में शासकीय नवीन महाविद्यालय हसौद द्वारा नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में 29 सितम्बर को मालखरौदा में शासकीय वेदराम महाविद्यालय मालखरौदा द्वारा तथा 30 सितम्बर को छपोरा में शासकीय स्नातक महाविद्यालय डभरा द्वारा और सपोस में शासकीय नवीन महाविद्यालय चंद्रपुर द्वारा कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 1 अक्टूबर 2026 को चन्द्रपुर में शासकीय नवीन महाविद्यालय चंद्रपुर द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। अभियान का समापन जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ सेजेस स्टेशन रोड, सक्ती में होगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित महाविद्यालयों को नाट्य दल गठित कर निर्धारित तिथियों एवं स्थलों पर प्रभावी प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों के समन्वय हेतु श्री सोमेश कुमार घितौड़े, सहायक प्राध्यापक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।
