सेवा संकल्प अभियान के तहत जूना तालाब में चला स्वच्छता अभियान

सक्ती- सेवा संकल्प अभियान के तहत “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम अंतर्गत नगर पंचायत नया बाराद्वार द्वारा नगर के जूना तालाब में सफाई अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने जूना तालाब परिसर में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण कुर्रे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मनोज कुमार कश्यप ने तालाब के आसपास रहने वाले नागरिकों से चर्चा कर तालाब एवं उसके आसपास गंदगी नहीं फैलाने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश दी। अध्यक्ष श्री नारायण कुर्रे ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मनोज कुमार कश्यप ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करने तथा तालाबों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छ एवं सुंदर नया बाराद्वार बनाने तथा तालाबों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण कुर्रे, समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
