27 नवंबर 2026 से होगा भव्य श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ का कात्रे नगर स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम में

सिद्धिविनायक मंदिर की रजत जयंती महोत्सव को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न

सक्ती – भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, कात्रेनगर स्थित भास्कर भवन में आगामी 27 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली भव्य श्रीमद्भागवत कथा एवं श्री सिद्धिविनायक मंदिर के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को जांजगीर, चांपा, बिलासपुर, सक्ती, कोरबा एवं रायगढ़ क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रान्त कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर भागवताचार्य राजेंद्र शर्मा, कुष्ठ आश्रम सचिव सुधीर देव, अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोनी एवं वरिष्ठ प्रचारक लोमसराम साहू सहित लगभग 80 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दो सत्रों में आयोजित बैठक में श्रीमद्भागवत कथा के उद्देश्य, कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को श्रद्धा, सेवा, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता के साथ सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया। यह श्रीमद्भागवत कथा कृतज्ञता एवं वंदन की भावना से आयोजित की जा रही है। वर्ष 1962 से श्रद्धेय कात्रे जी से लेकर आज तक आश्रम की सेवा में समर्पित सभी कार्यकर्ताओं के योगदान का स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। साथ ही आश्रम की सभी दिवंगत पुण्यात्माओं की मोक्ष कामना, आत्मिक शांति एवं सद्गति के लिए प्रार्थना की जाएगी। रोगमुक्त होकर आश्रम सेवा में पुनः समर्पित कर्मठ बंधुओं के आरोग्य, सुख-समृद्धि एवं मंगल कल्याण की कामना भी इस धार्मिक आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। श्री सिद्धिविनायक मंदिर के 25 वर्ष पूर्ण होने की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित यह भव्य श्रीमद्भागवत कथा भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, कात्रेनगर की दीर्घकालीन सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण अवसर बनेगी।
