20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के दौरान आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने प्रशासन सतर्क

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आमजन से की अपील, आवश्यक दवाएं पूर्व में सुरक्षित रखने की सलाह
सक्ती – ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध स्वरूप विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। उक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा आम नागरिकों को आवश्यक औषधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिले के औषधि विक्रेताओं, जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स एवं अन्य औषधि वितरण केंद्रों को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है, ताकि आमजन एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा दवा विक्रेता संघ को भी पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित, रोगी सेवा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से दवाओं का संग्रहण न करें तथा जिन मरीजों को नियमित रूप से दवाएं लेना आवश्यक है, वे चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पूर्व में प्राप्त कर सुरक्षित रखें। आपातकालीन स्थिति में नागरिक अपने निकटतम शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स एवं अन्य उपलब्ध औषधि केंद्रों से दवाएं प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही गंभीर रोगियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं नियमित उपचाराधीन मरीजों की दवा उपलब्धता को प्राथमिकता देने में सहयोग करने की अपील भी की गई है।


