सक्ती

सक्ती में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पर कार्रवाई

दो युवक गिरफ्तार, मोबाइल, नगदी सहित डिजिटल साक्ष्य जब्त; व्हाट्सएप और बेटिंग वेबसाइट से चला रहे थे नेटवर्क

सक्ती – सक्ती जिले मे पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोबाइल और व्हाट्सएप के जरिए आईपीएल मैचों में प्रत्येक रन, बॉल, विकेट और सेशन पर हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, नगदी रकम और ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि हटरी धर्मशाला के पास कुछ युवक अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट मैच में रन, बॉल और विकेट पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई – “क्रिकेट गुरु ” एप से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हटरी चौक धर्मशाला के सामने रहने वाले श्रेयांश अग्रवाल (22 वर्ष) को मोबाइल चलाते हुए पकड़ा। पूछताछ और मोबाइल की जांच करने पर उसके फोन में “क्रिकेट गुरु” नामक ऑनलाइन बेटिंग एप संचालित पाया गया। आरोपी अपने नाम से बनाई गई आईडी को अलग-अलग लोगों में व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करता था तथा पासवर्ड देकर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाता था।
जांच के दौरान पुलिस को व्हाट्सएप चैट में आईपीएल मैचों के रन, विकेट और सेशन पर हार-जीत की रकम का लेन-देन मिला। आरोपी 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेले जा रहे मैच सहित पूर्व में खेले गए आईपीएल मैचों पर भी सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ग्रे कलर का iPhone 16 Pro और एक वीवो कंपनी का T4X मोबाइल जब्त किया। दोनों मोबाइल की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपए बताई गई है। मौके पर पुलिस ने बरामदगी पंचनामा तैयार कर मोबाइलों को जब्त किया।
दूसरी कार्रवाई – वजीर बुक वेबसाइट से चला रहा था बेटिंग नेटवर्क
इसके बाद पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में आदर्श अग्रवाल नामक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक नीले रंग का iPhone-16, टेक्नो कंपनी का स्पार्क मोबाइल और 4 हजार रुपए नगद बरामद किए गए। मोबाइल की जांच के दौरान “वजीर बुक” नामक ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट संचालित मिली, जिसमें आरोपी की आईडी और पासवर्ड सक्रिय पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को अपनी बेटिंग आईडी और पासवर्ड व्हाट्सएप के जरिए भेजकर आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाता था। आरोपी द्वारा व्हाट्सएप चैट के माध्यम से रकम लेने, क्यूआर कोड साझा करने और बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराने के साक्ष्य भी मिले हैं। आरोपी से जब्त मोबाइल, नगदी और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 84 हजार रुपए आंकी गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
दोनों आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा संचालन, आईडी-पासवर्ड साझा करने और रकम के लेन-देन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मोबाइलों में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बैंक स्टेटमेंट और व्हाट्सएप चैट के जरिए आगे होगी कार्यवाही
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा जिन लोगों को बेटिंग आईडी दी गई थी तथा जिन बैंक खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से रकम का लेन-देन किया जा रहा था, उनकी भी जांच की जा रही है। बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल चैट के आधार पर अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।