सक्ती

भवतरा हत्याकांड में संपत्ति विवाद बना चार हत्याओं की वजह, परिवार के दो लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में

सक्ती –  जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत भवतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा अपडेट दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने परिवार से जुड़े दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ घरेलू संपत्ति विवाद हो सकता है। बताया जा रहा है कि बीती रात पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। सुबह जब घटना की जानकारी गांव में फैली तो पूरे क्षेत्र में दहशत और मातम का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों को कहना है कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। यह हत्याकांड जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।