सक्ती

कुंजारा पंचायत में फर्जी बिल से शासकीय राशि भुगतान का आरोप, विधायक दलेश्वर साहू ने विधानसभा में उठाया मामला – जांच के आदेश

जशपुर – जिले के जनपद पंचायत कुनकुरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में फर्जी बिलों के माध्यम से शासकीय राशि के भुगतान का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंचायत में बीडीसी पति एवं सरपंच पति द्वारा बिना जीएसटी पंजीयन वाले बिलों के आधार पर शासकीय राशि का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित बिल पंचायत की स्टॉक पंजी अथवा अन्य किसी भी पंजी में दर्ज नहीं बताए जा रहे हैं।

इस मामले को विपक्ष के विधायक दलेश्वर साहू द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा में नियम 138 (1) के तहत ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया गया। विधायक द्वारा विधानसभा सचिवालय को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत कुंजारा में विभिन्न निर्माण कार्यों के नाम पर ऐसे बिल लगाए गए हैं जो पंचायत के किसी भी रजिस्टर में दर्ज नहीं हैं, इसके बावजूद उन बिलों के आधार पर भुगतान किया गया है।

बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत बजरंग गुप्ता, निवासी ग्राम कुंजारा द्वारा प्रशासन के समक्ष की गई थी। शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है।

मामला विधानसभा में उठने के बाद विधानसभा सचिवालय, रायपुर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को पत्र जारी कर इस संबंध में तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालक पंचायत संचालनालय को पत्र भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पंचायत संचालनालय, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जशपुर को पत्र जारी कर पूरे मामले की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव तथा बीडीसी पति विष्णु प्रसाद गुप्ता पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है और गिरफ्तारी की तलवार भी लटक सकती है।