सक्ती

बाराद्वार की 12 वर्षीय मुस्कान हंसे ने राष्ट्रीय स्तर पर किया कमाल

सक्ती – इन्दौर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्तर शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में कराटे 15 वर्ष आयु वर्ग में बाराद्वार, जिला सक्ती की होनहार खिलाड़ी मुस्कान हंसे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ मुस्कान ने न सिर्फ अपने विद्यालय, नगर और जिले, बल्कि पूरे प्रदेश छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह पहला अवसर है जब नवगठित सक्ती जिले की किसी खिलाड़ी ने स्कूल गेम्स के तहत कराटे में राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल हासिल किया है, जिससे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। 12 वर्षीय मुस्कान हंसे, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाराद्वार की कक्षा 7वीं की छात्रा हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मुस्कान के माता-पिता उनके सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मुस्कान के पिता हेमलाल हंसे एवं माता आरती हंसे बाराद्वार में ईंट-भट्ठा में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हुए बेटी के खेल भविष्य को संवारने में निरंतर प्रयासरत हैं। मुस्कान इससे पूर्व भी जालंधर में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्तर कराटे प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चुकी हैं। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ कराटे फेडरेशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अब तक तीन कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीत चुकी हैं, वहीं ओपन नेशनल कराटे प्रतियोगिता में भी रजत पदक हासिल कर चुकी हैं। मुस्कान हंसे वर्तमान में सुमित कराटे एकेडमी, बाराद्वार से कराटे का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जहाँ उनके खेल कौशल को निरंतर निखारा जा रहा है। अपनी इस सफलता का श्रेय मुस्कान ने अपने कोच, माता-पिता एवं सहयोगियों को दिया है। साथ ही उन्होंने सक्ती जिला प्रशासन से मांग की है कि सुमित कराटे एकेडमी एवं उभरते खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि आगे भी बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाओं के माध्यम से जिले और प्रदेश का नाम देशभर में और ऊँचा किया जा सके। मुस्कान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शिक्षा जगत ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर लौटी मुस्कान हंसे के घर वापसी पर शुक्रवार 20 दिसंबर को बाराद्वार रेलवे स्टेशन में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुस्कान हंसे एवं उनके साथियों का फूल-मालाओं एवं बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात ढोल-ताशों की धुन पर नगर भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह लोगों ने मुस्कान का अभिनंदन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष जितेश शर्मा, थाना प्रभारी बाराद्वार, पार्षदगण अजय सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कुर्रे, भोजराम खूंटे, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री विराट द्विवेदी, शिक्षक संदीप यादव, कोच छतराम भैना, पारिवारिकजन सहित भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने मुस्कान हंसे की इस उपलब्धि को सक्ती जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।