सक्ती

कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र लवसरा का औचक निरीक्षण


रैंडम बोरियों की जांच, पंजियों का बारीक अवलोकन कर देखी व्यवस्था

धान खरीदी में शासन के निर्देशों का पालन करें और किसानों की सुविधा का रखें ध्यान, गड़बड़ी मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी


नोडल अधिकारियों को लगातार सघन निरीक्षण के निर्देश

सक्ती ‌। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आज धान खरीदी के सुचारू संचालन का जायजा लेने विकासखण्ड सक्ती के अंतर्गत लवसरा धान खरीदी केंद्र पहुंची। उन्होंने धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का सघनता से अवलोकन किया। हर पंजी का बारीकी से अवलोकन कर ऑनलाइन और ऑफलाइन रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित धान खरीदी से संबंधित नोडल अधिकारियों को निरंतर उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर बेहतर व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान श्रीमती पन्ना ने रेण्डम बोरियों की तौलयी करवा वजन की जांच की। उन्होंने कहा कि निर्धारित माप अनुसार ही बोरियों का वजन हो। खरीदी से सम्बंधित पंजियों की जांच करते हुए उन्होंने समिति प्रबंधकों से पंजीकृत किसानों की संख्या तथा धान बेचने वाले किसानों के सम्बंध में जानकारी ली। धान रिजेक्ट, धान आवक, बारदाना वितरण, स्टैक पंजी सभी का कलेक्टर ने बारीकी से अवलोकन किया।धान खरीदी केंद्र में बारदाना प्रभारी को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि बारदाने पर्याप्त मात्रा में हों, गोदाम में बारदानों की उपलब्धता की नियमित जांच करें। स्टैकिंग बेहतर रहे। इस दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों से बात कर व्यवस्थाओं पर फ़ीडबैक लिया, कलेक्टर से फीडबैक लेने पर उन्होंने बताया कि धान खरीदी हेतु केंद्र में पर्याप्त व्यवस्था है।कलेक्टर श्रीमती के निर्देशानुसार धान उपार्जन केन्द्रों से उपार्जित किए गए धान का उठाव भी समय पर किया जा रहा है, भौतिक सत्यापन की कार्यवाही भी नोडल अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।