जैजैपुर में नाबालिग छात्रा का अपहरण, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

सक्ती – जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव से एक नाबालिग छात्रा के लापता होने और अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम आमगांव निवासी फोटोबाई (पति- मनहरण दास मानिकपुरी) ने जैजैपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थिया के अनुसार, उनके दोनों बेटे अपने परिवार के साथ रोजी-मजदूरी के लिए जम्मू-कश्मीर गए हुए हैं और बड़े बेटे ने अपनी तीन बेटियों को देखरेख के लिए दादा-दादी के पास छोड़ा है। इनमें से बड़ी पोती (उम्र 16 वर्ष, जन्मतिथि 16.11.2010), जो गांव के ही हाईस्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा है, वह लापता हो गई है।
स्कूल जाने के नाम पर निकली थी छात्रा
शिकायत के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को प्रार्थिया के पति सुबह मजदूरी के लिए चले गए थे और प्रार्थिया स्वयं भी सुबह निजी काम से सक्ती गई हुई थीं। शाम जब वह घर लौटीं तो पोती घर पर नहीं थी। घर पर मौजूद सास ने बताया कि वह स्कूल गई है। जब देर शाम तक छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने स्कूल जाकर बच्चों से पूछताछ की, जहां पता चला कि वह उस दिन स्कूल आई ही नहीं थी।
रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
परिजनों ने सरवानी, चारपारा और कांशीगढ़ सहित अन्य रिश्तेदारियों में छात्रा की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। प्रार्थिया ने संदेह जताया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग पोती को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
पुलिस की कार्रवाई
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर जैजैपुर पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 0313/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना सहायक उप-निरीक्षक लालाराम खुटे द्वारा की जा रही है।
