कार्तिक पूर्णिमा पर शासकीय प्राथमिक शाला खैरा में आंशिक न्योता भोज का आयोजन

खीर, पूड़ी,पकौडा, अचार एवं सलाद परोसकर विद्यार्थियों को दिया सामाजिक समरसता का संदेश
सक्ती – जिला सक्ती अंतर्गत विकासखंड सक्ती के संकुल खैरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खैरा में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से आंशिक न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को खीर, पूड़ी, पकौडा, अचार एवं सलाद परोसा गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जगदीश प्रसाद गबेल ने इस आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि न्योता भोज जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सामूहिकता की भावना विकसित होती है। साथ ही बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने का अवसर मिलता है। इस तरह के आयोजन विद्यालय और समुदाय के बीच आत्मीय संबंधों को भी मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में प्रधान पाठिका श्रीमती उषा सिंह कंवर, सहायक शिक्षक राम कुमार पैकरा एवं लिलेश कुमार यादव का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा श्रीमती कमला देवी वैष्णव, श्रीमती रूकमणी जायसवाल, सहित विद्यालय के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि शासकीय प्राथमिक शाला खैरा का शाला परिवार समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ विद्यालय की विशिष्ट पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
