चन्द्रपुर में दशहरा मेला देखकर लौट रहे अधेड़ पर प्राणघातक हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, हालत गंभीर


सक्ती – दशहरा मेला देखकर लौट रहे एक अधेड़ व्यक्ति पर गांव के ही दो युवकों द्वारा अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। चंद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पीपल पेड़ के पास घेरा, सिर पर आई गंभीर चोट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोपालपुर (थाना चंद्रपुर) निवासी प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अक्टूबर 2026 की शाम वह चंद्रपुर में दशहरा मेला देखने गया था। इसी दौरान रात्रि करीब 07:30 बजे गांव के स्कूल के सामने पीपल पेड़ के पास आरोपी सागर उरांव (36 वर्ष) और अमित सिदार (19 वर्ष) ने उसके पिता सौदागर मेहर को रोक लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश या किसी बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से बेदम मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर ने बताया ‘लाइफ थ्रेटनिंग’
घटना के बाद पीड़ित सौदागर मेहर की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल रायगढ़ के बालाजी मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों द्वारा चोट को जानलेवा (Life Threatening) बताए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) जोड़ी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी भेजे गए जेल
सक्ती जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी चंद्रपुर-डभरा सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में चंद्रपुर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), और 109(1) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 28 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
