सकरेली कलां में दशहरा उत्सव और मड़ई मेले की धूम, उमड़ा जनसैलाब

हजारों की भीड़ के बीच हुआ रावण दहन; डीजे डांस प्रतियोगिता में दुर्ग-भिलाई, रायपुर और खरसिया के कलाकारों ने मारी बाजी
सक्ती – जिला मुख्यालय से लगे निकटतम ग्राम सकरेली कलां के हाईस्कूल के विशाल मैदान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी एक दिवसीय भव्य मड़ई मेला एवं दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आकर्षक आतिशबाजी के साथ रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे देखने के लिए सकरेली कलां सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरा मैदान दर्शकों की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा।
अतिथियों ने दिया सत्य और सद्भाव का संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर कुलदीप जायसवाल (जुड़गा) थे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर एवं जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रोशन लाल पटेल, समाजसेवी यशवंत साहू, पूर्व सरपंच डमरूधर साहू, सरपंच संघ सक्ती के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सिदार, बोरदा सरपंच संजय सिदार, सरवानी के पूर्व सरपंच उत्तम लहरे एवं तेन्दूटोहा सरपंच अग्नि सिदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच जगन्नाथ सिदार व उपसरपंच तोरेन्द्र पटेल ने की, जबकि मंच का सफल संचालन मिलन श्रीवास द्वारा किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि इंजीनियर कुलदीप जायसवाल ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है, जो हमें आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि बुराई का अंत हमेशा निश्चित होता है। दशहरा हमें जीवन में संयम और सद्भाव से रहने की प्रेरणा देता है। जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने उपस्थित जनसमुदाय को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें हमेशा नारियों का सम्मान करना चाहिए, सत्य की राह पर चलना चाहिए और अपनी बुराइयों का त्याग करना चाहिए।
रातभर जमी रही डीजे डांस प्रतियोगिता की महफिल
रावण दहन के पश्चात नवयुवक दशहरा उत्सव समिति सकरेली कलां के तत्वावधान में राज्य स्तरीय डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गुलाबी ठंड के बीच शुरू हुई यह प्रतियोगिता रात भर चलती रही, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के कोरबा, खरसिया, रायगढ़, शिवरीनारायण, दुर्ग-भिलाई, रायपुर सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा के झारसुगुड़ा से आए ख्यातिलब्ध डांस कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
ग्रुप (समूह) डांस: दुर्ग-भिलाई के ‘प्रतिभा डांस ग्रुप’ ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।
युगल (डबल) डांस: रायपुर के ‘राधा कृष्ण युगल डांस’ को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया।
एकल (सिंगल) डांस: खरसिया की ‘सोनम’ ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में कन्हैया साहू, याद राम साहू, जीवन साहू, गजालाल साहू, पवन साहू, सुखराम सिदार एवं नवयुवक दशहरा उत्सव समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
