कोरबा के प्रतिष्ठित उद्योगपति और ‘होटल रिलैक्स इन’ के संचालक सतीश अग्रवाल का निधन

अग्रवाल समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जताया गहरा शोक
सक्ती – कोरबा शहर के अग्रोहा मार्ग निवासी प्रतिष्ठित नागरिक और उरगा स्थित प्रसिद्ध ‘होटल रिलैक्स इन’ के संचालक सतीश अग्रवाल (पिता स्वर्गीय ओमप्रकाश अग्रवाल) का सोमवार, 26 अक्टूबर की रात आकस्मिक निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे कोरबा शहर सहित उद्योग जगत और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सतीश अग्रवाल अपने पीछे एक भरा-पूरा और हंसता-खेलता परिवार छोड़ गए हैं। वे अपने मिलनसार और खुले विचारों वाले व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी उनका बड़ा योगदान था। यही कारण है कि पश्चिम क्षेत्र के अलावा पूरे जिले और आस-पास के क्षेत्रों में उनके सभी से बेहद मधुर और आत्मीय संबंध थे।
27 अक्टूबर को सुबह 11:00 उनका किया गया अंतिम संस्कार
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय सतीश अग्रवाल की अंतिम यात्रा मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह उनके अग्रोहा मार्ग स्थित निज निवास से निकाली गई । इसके पश्चात सुबह 11 बजे स्थानीय मोती सागर पारा मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया गया।, जहाँ उन्हें अंतिम विदाई दी गई ।
विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
उनके आकस्मिक निधन का समाचार प्राप्त होते ही अग्रवाल समाज सहित शहर के अनेक सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के लोग उनके निवास स्थान पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और इस गहरे दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
