कैथा में महिला की हत्या से सनसनी, पड़ोसी पर हत्या का आरोप,आरोपी फरार

एसपी ने घटनास्थल पहुंचकर दिए त्वरित जांच और गिरफ्तारी के निर्देश
सक्ती-/बिर्रा- थाना हसौद में एक वृद्ध महिला की हत्या हुई है। स्थानीय पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव का है जहां गुरुवार 22 अक्टूबर की रात धनवारपारा में लक्ष्मीबाई विश्वकर्मा पति सारागीहां उम्र लगभग 45 वर्ष की निर्मम हत्या हुई है। परिजनों ने गांव के ही रंजीत धनवार पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से आरोपी पड़ोसी फरार बताया जा रहा है। परिजनों के बयान एवं अन्य सबूतों के आधार पर हसौद पुलिस ने आरोपी रंजीत धनवार के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कैथा पहुचकर घटनास्थल का जायजा लिया और हसौद पुलिस को त्वरित जांच करवाई के निर्देश दिए हैं।
विवाद के बाद महिला की हत्या का आरोप
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 9:30 बजे की है। आरोप है कि रंजीत धनवार महिला के घर पहुंचा जहां उसके साथ विवाद हुआ। उस समय घर में महिला की दो नाबालिग नातिनें मौजूद थीं। विवाद के दौरान भयभीत होकर दोनों बच्चियां घर से बाहर चली गईं। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर ले जाया गया और घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित खेत के पास महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया। उसके पेट, हाथ, कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए गए जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों नाबालिग बच्चियों ने रंजीत धनवार को महिला के साथ विवाद और मारपीट करते देखा है। हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपी रंजीत की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हत्या के पीछे की वजह पर सवाल
महिला के साथ विवाद आखिर किस बात को लेकर हुआ क्या घटना के पीछे कोई पुराना विवाद था या फिर किसी अन्य कारण से वारदात को अंजाम दिया गया फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। आरोपी ने किन परिस्थितियों में महिला के साथ मारपीट की और हत्या तक की घटना कैसे पहुंची इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
सुबह पुलिस को मिली सूचना, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद रात को ही महिला के शव को परिजन घर लेकर आए। सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी गई जिसके बाद हसौद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार के सदस्य रोजगार के लिए बाहर
लक्ष्मीबाई के चार बेटे रबी, सोमनाथ, विशाल और कुरु हैं। पति समेत परिवार के कई सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। महिला अपने छोटे बेटे कुरु और बड़े बेटे रबी की दो बेटियों के साथ रह रही थी। घटना की रात कुरु जसगीत गायन के लिए बाहर गया हुआ था। घर में महिला के साथ उसकी दो नाबालिग नातिनें थीं।
घटनास्थल पहुंचे सक्ती एसपी, दिए निर्देश
सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने घटनास्थल का जायजा लेकर हसौद पुलिस को मामले की त्वरित जांच करने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही वारदात के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
