सक्ती

सक्ती की दुर्गा पूजा में इस बार दिखेंगी उज्जैन के महाकाल एवं केदारनाथ धाम की झलक

बड़े महानगरों की तरह शहर में हो रहा दुर्गा पूजा महोत्सव. सक्ती के प्रसिद्ध महामाई मंदिर.बेरी मंदिर. अष्टभुजी मंदिर अड़भार एवं चंद्रहासिनी मंदिर चंद्रपुर में होगा नवरात्र महोत्सव. देवी मंदिरों में रहेगी पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था

सक्ती –  11 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाली शारदेय नवरात्रि महोत्सव को लेकर इस वर्ष पूरे जिला मुख्यालय में तैयारियां जोरों से चल रही है। सक्ती शहर में इस वर्ष पहली बार दुर्गा पंडालों में जहां उज्जैन के बाबा महाकालेश्वर एवं केदारनाथ धाम की झलक दिखेगी। तो वहीं शहर के गुरुद्वारा के बगल में स्थित स्टार दुर्गा उत्सव समिति, बुधवारी बाजार में मां दुर्गा उत्सव समिति, हटरी चौक में एचसीएस दुर्गोत्सव समिति, नवधा चौक दुर्गा उत्सव समिति, पुराना स्टेट बैंक के पास अग्रसेन दुर्गा उत्सव समिति, सोसायटी चौक, राजापारा चौक, अखराभाटा, रेलवे स्टेशन, झूलकदम रोड चर्च के सामने, टेमर फाटक के पास सोठी सहित काफी संख्या में दुर्गा पंडालों की स्थापना की जा रही है। जहां पूरे नौ दिनों तक मां दुर्गे की भक्ति में लोग डूबे रहेंगे तो वहीं पंडालो को भी आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। तथा शहर के सभी प्रमुख मार्गो में बड़े-बड़े गेट लगाकर झालरों की रोशनी की जा रही है। एवं देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति कलश भी प्रज्वलित किए जाएंगे इसके लिए रसीदें भी काटी जा रही है। एवं इच्छुक भक्तजन मनोकामना ज्योति कलश भी प्रज्वलित करवा सकते हैं
नवरात्रि महोत्सव को लेकर जिले का पुलिस प्रशासन भी अलर्ट
सक्ती जिले में नवरात्रि महोत्सव की भव्यता को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। तथा सभी थाना क्षेत्र में जहां दुर्गा पंडालो में नवरात्रि के मौके पर विशेष पुलिस सुरक्षा व्यवस्था एवं लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। तो वहीं जिले के अड़भार एवं चंद्रपुर में भी नवरात्रि के महोत्सव पर विशेष पुलिस व्यवस्था रहेगी। इन दोनों बड़े धार्मिक स्थलों पर अन्य राज्यों से भी हजारों की संख्या में दर्शनार्थी दर्शन करने पहुंचते हैं। तथा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रहेगी।