राधाकृष्ण मंदिर ऑफिसर्स कॉलोनी में धूमधाम से मनाया भगवान योगेश्वर का जन्मोत्सव
प्रतिकूल परिस्थितियों में भी विचलित हुए बिना मुस्कुराते हुए जीवन जीने का नाम है श्रीकृष्ण सक्ती- राधाकृष्ण मंदिर ऑफिसर्स कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर प्रातः से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ दिनभर …
प्रतिकूल परिस्थितियों में भी विचलित हुए बिना मुस्कुराते हुए जीवन जीने का नाम है श्रीकृष्ण
सक्ती- राधाकृष्ण मंदिर ऑफिसर्स कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर प्रातः से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर अघरिया समाज के संरक्षक एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि “प्रतिकूल परिस्थितियों में भी बिना विचलित हुए मुस्कुराते हुए जीवन जीने का नाम ही श्रीकृष्ण है।” उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक का सफर अनेक कठिनाइयों और संघर्षों से भरा रहा, लेकिन कान्हा हर परिस्थिति में प्रसन्नचित्त रहे और समाज को विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य एवं साहस के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते रहे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के युद्ध मैदान में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया संदेश आज श्रीमद्भगवद्गीता के रूप में संपूर्ण मानव समाज को जीवन जीने की प्रेरणा दे रहा है।
जन्माष्टमी पर्व पर प्रातः पूजन एवं आरती के पश्चात अपराह्न में राधाकृष्ण महिला समिति द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। संध्या आरती के बाद आयोजित भजन संध्या में ठाकुर सत्यनारायण सिंह अधिवक्ता, सीताराम, रवि यादव, नरेश कसेर सहित कॉलोनी के निवासी गबेल एवं चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय समां बांधा कि श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए कृष्ण भक्ति में लीन हो गए।
भजन संध्या के बीच कब मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ मुहूर्त आ गया, इसका श्रद्धालुओं को पता ही नहीं चला। मध्यरात्रि में कान्हा के जन्मोत्सव के अवसर पर कॉलोनी के बच्चों ने केक काटकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन मनाया। वहीं अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने सपरिवार कॉलोनीवासियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन एवं आरती कर सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
जन्मोत्सव के पश्चात कॉलोनी में दही-हांडी फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें नर-नारी एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दही-हांडी फोड़ने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
भजन संध्या, पूजन-अर्चन और दही-हांडी के आयोजन से ऑफिसर्स कॉलोनी में पूरे दिन कृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा और जन्माष्टमी का पर्व सभी के लिए यादगार बन गया। आयोजन को सफल बनाने में राधाकृष्ण मंदिर महिला समिति एवं चिंटू राठौर का सक्रिय योगदान रहा।
