सक्ती

1.31 करोड़ का घोटाला, समिति प्रबंधक सक्ती से गिरफ्तार, धान में मिट्टी मिलाने का आरोप

2 महीने के बाद पुलिस ने संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत और कर्मचारी श्याम बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

सक्ती –  जिले के डभरा ब्लॉक के धान खरीदी केंद्र पुटीडीह में बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी. आरोप था कि धान की बोरियों में मिट्टी मिलाकर शासन को करीब 1.31 करोड़ का चूना लगाया गया. जांच के बाद गड़बड़ी की शिकायत सही पाई गई. जिसके बाद गड़बड़ी के मास्टरमाइंड संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत ओर प्राधिकृत अधिकारी श्याम बाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
धान खरीदी केंद्र का समिति प्रबंधक अरेस्ट
दर्ज शिकायत के मुताबिक 24/11/2025 को अधिकारियों को जानकारी मिली कि डभरा ब्लॉक के धान खरीदी केंद्र पुटीडीह में धान की बोरियों में मिट्टी मिलाया जा रहा है. जानकारी के बाद देर रात जिला पंचायत सीईओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो शिकायत सही पाई गई. जांच हुई तो पता चला कि खरीदी केंद्र से 4200 क्विंटल धान भी गायब है, जिसे पूर्ति करने के लिए धान की बोरियों में मिट्टी मिलाकर भेजने की तैयारी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने एफआईआर कराने के निर्देश दिए.
धान में मिट्टी मिलाने का आरोप
कलेक्टर ने निर्देश पर खरीदी केंद्र प्रभारी प्रकाश महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. मगर मामले में शामिल संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य ओर प्राधिकृत अधिकारी श्याम बाई का नाम शामिल नहीं था. जबकि जांच में ये सभी भी जिम्मेदार थे और इन्हीं की देखरेख में खरीदी का कार्य हो रहा था.
89 लाख के धान की कमी जांच के दौरान पाई गई. जांच के दौरान तीन और लोगों की जानकारी सामने आई जो इस गड़बड़ी में शामिल रहे हैं. आज समिति प्रबंधक और श्याम बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है: सुमित गुप्ता, एसडीओपी, डभरा
1 करोड़ 31 लाख के घोटाले का आरोप
जांच के दौरान 29/5/26 को कार्यालय सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं जिला सक्ती से एक ओर पत्र जारी हुआ. जिसमें अन्य दोषी संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य ओर प्राधिकृत अधिकारी श्याम बाई के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए. आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस 2 महीने तक आरोपियों की गिरफ्तारी में लेटलतीफी करती रही. लेकिन जब ऊपर से दबाव बनाया गया तब जाकर दोनों की गिरफ्तारी की गई.
कलेक्टर ने कहा एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी
आरोपी संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत ने 6/8/26 को मानव अधिकार आयोग को एक शिकायत की, जिसमें उसने सक्ती कलेक्टर पर टॉयलेट साफ कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए. वहीं शिकायत के साथ एक वीडियो भी दिया गया है जिसमें शशिकांत टॉयलेट साफ करता दिख रहा है और कोई उसका वीडियो बना रहा है. प्रथम दृष्टया वीडियो को लेकर सक्ती कलेक्टर से मीडिया ने फोन कर बात की तो उन्होंने बताया कि ”यह बिल्कुल झूठा आरोप है. शशिकांत महंत पिछले 2 महीनों से अपने किए गए भ्रष्टाचार से बचने के लिए तरह-तरह के प्रयास कर रहा था. मगर मैंने साफ कह दिया था कार्रवाई होकर रहेगी. उसने जो वीडियो बनाया है वो उसका षडयंत्र है. वो कहीं भी जाकर टॉयलेट साफ कर के वीडियो बना सकता है, उसकी हम निगरानी कैसे करेंगे.” कलेक्टर ने कहा कि ”हमने ऐसा कराया होता तो उसको वीडियो कैसे मिलता.”