जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जन भागीदारी अभियान अन्तर्गत विभिन्न गतिविधियों का हो रहा आयोजन

सक्ती – भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार सक्ती जिला में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा “जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जन भागीदारी अभियान” अंतर्गत विभिन्न आयोजन किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के 39 ग्रामों में मैदानी स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित विभागों द्वारा ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का अवलोकन किया गया।
अभियान के अंतर्गत ग्राम भ्रमण, पैदल यात्रा एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के सक्ती विकासखंड अंतर्गत 18 ग्राम, मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत 5 ग्राम, डभरा विकासखंड अंतर्गत 14 ग्राम एवं जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत 2 ग्राम सहित कुल 39 ग्रामों में अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना एवं आमजन की सहभागिता को बढ़ावा देना है। आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियो का आयोजन किया जाना है।


