एमबीयू के लिए विशेष कैंप लगाने एवं अधिक से अधिक बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट कराने के दिए निर्देश

सक्ती- कलेक्टर अमृत विकास तोपनो की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आधार सेवाओं के सुचारु संचालन एवं जिले में इनहाउस मॉडल तथा जीपी इनहाउस व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आधार सेवाओं को आमजन तक बेहतर तरीके से पहुंचाने तथा आधार केंद्रों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने एमबीयू (अनिवार्य बायो मैट्रिक अपडेट) के संबंध में जिले में विशेष कैंप आयोजित करने तथा अधिक से अधिक बच्चों का एमबीयू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा 5 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 30 सितंबर 2026 तक एमबीयू की सुविधा निःशुल्क रखी गई है। निर्धारित समयावधि के भीतर अधिक से अधिक बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, यूआईडीएआई से श्री मोहम्मद सौबान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के पश्चात जिला सक्ती अंतर्गत सक्ती एवं बाराद्वार के सभी आधार इनहाउस सेंटरों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान आधार अपडेट एवं अन्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।


