आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर


विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिये निर्देश
सक्ती – कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में सुशासन तिहार 2026 के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुँचना चाहिए तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति, राजस्व अभिलेखों की समीक्षा, आवास योजना, पीएम ग्राम सड़क योजना, बिहान, उज्ज्वला योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीबी नियंत्रण, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल व्यवस्था, ई-डिस्ट्रिक्ट एवं ई-ऑफिस परियोजना, पेंशन प्रकरण तथा पीएम श्री स्कूल सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान भवनविहीन एवं मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने, मरम्मत कार्य एवं भवन निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में नवप्रवेशित बच्चों के आधार कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, बालेश्वर राम, के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


