सक्ती

चेक बाउंस मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार

जमानत शर्तों का उल्लंघन कर फरार आरोपी को भेजा गया जेल

सक्ती /जांजगीर – चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ने में थाना जांजगीर पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी जमानत मिलने के बाद न्यायालय द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन कर फरार हो गया था, जिसकी पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जांजगीर पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एएसआई राजटलाल यदु एवं प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी द्वारा मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार वारंटी चंद्रशेखर आजाद पिता मोहिनी आजाद निवासी पुटपूरा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल खोखरा भेज दिया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।