ट्रैफिक पुलिसकर्मी के घर करैत सांप निकला

सक्ती में वन विभाग और सर्पमित्र ने सुरक्षित रेस्क्यू किया, जंगल में छोड़ा
सक्ती – सक्ती शहर के वार्ड नंबर- 15 स्थित ऑफिसर कॉलोनी में शनिवार रात एक घर से करैत सांप निकला। सूचना मिलने पर सर्पमित्र मयंक ठाकुर और वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। यह घटना रात करीब 8:30 बजे ट्रैफिक पुलिसकर्मी संदीप साहू के घर में हुई। सांप दिखाई देने पर संदीप साहू ने सर्पमित्र मयंक ठाकुर को सूचना दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग और सर्पमित्र की संयुक्त टीम ने करैत सांप का सफल और सुरक्षित रेस्क्यू किया। सर्पमित्रों के अनुसार, कॉमन करैत भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसका जहर अत्यंत खतरनाक होता है और यह जानलेवा साबित हो सकता है। हर साल बड़ी संख्या में लोग इस विषैले सर्प के काटने से अपनी जान गंवाते हैं। सर्पमित्र मयंक ठाकुर ने लोगों से सतर्क रहने और सांप दिखाई देने पर उससे छेड़छाड़ न करने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी कि रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। सर्प दिखाई देने पर तुरंत रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचित करें। सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।


